गाजीपुर : कासिमाबाद विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा सिपाह निवासी प्रमोद राजभर (26) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव गांव जाने वाले मार्ग पर नहर के किनारे फेंक दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सुबह ग्रामीणों ने जहूराबाद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की।
मृतक के पिता रविन्द्र राजभर के अनुसार, प्रमोद एक दिन पूर्व ही बाहर से घर लौटा था। घर पहुंचकर उसने मिठाई, दही-बड़ा और पनीर परिजनों को दिया और कहा कि वह चट्टी तक घूमने जा रहा है। परिजन उसके लौटने का इंतजार करते रहे और उसके लिए पनीर भी तैयार कर लिया, लेकिन देर रात तक प्रमोद घर नहीं लौटा। इससे माता-पिता की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने प्रमोद के छोटे भाई को उसकी तलाश करने के लिए भेजा। छोटा भाई मोटरसाइकिल से गांव और आसपास के रास्तों पर तलाश करते हुए जब नहर किनारे पहुंचा तो वहां प्रमोद का शव देखकर दंग रह गया। उसने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को भी दी।
घटना के बाद देर रात से ही ग्रामीण और परिजन शव के पास मौजूद रहे। सुबह करीब 7 बजे आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने बाराचवर से जहूराबाद जाने वाली मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
मृतक दो भाइयों और दो बहनों में था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण और हत्या के तरीके की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
