गाजीपुर : मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के राजापुर से मूर्तजीपुर के बीच मंगई नदी पर बनने वाले 4.64 करोड़ रुपये की लागत के लघु सेतु का बुधवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विशाल सिंह चंचल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर फीता काटते हुए निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
इस अवसर पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि सेतु बनने से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने ग्राम प्रधान अश्वनी राय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिल सकी। साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जल्द ही एक नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण के लिए भी धन स्वीकृत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से राजापुर और मूर्तजीपुर के साथ-साथ करइल क्षेत्र का संपर्क भी आसान हो जाएगा। अब तक किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए करीब 16 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, लेकिन सेतु बनने के बाद यह दूरी घटकर लगभग एक किलोमीटर रह जाएगी। इससे नदी किनारे स्थित उपजाऊ खेतों तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।
इस लघु सेतु के निर्माण से मूर्तजीपुर, हेमराजपुर, लौवाडीह, पारो और जोगामुसाहिब सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना, उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी, हरिनारायण राय, विनोद राय, तिलकधारी राय और सत्यप्रकाश राय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन राजेश राय पिंटू ने किया।



