Ghazipur : डॉ राम मनोहर लोहिया की जयंती के अवसर पर डॉ राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज अध्यात्मपुरम ढोटारी में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विजेंद्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ लोहिया एक महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रमुख समाजवादी नेता एवं प्रखर विचारक थे। उन्होंने समाजवादी विचारधारा के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक समानता पर विशेष जोर दिया। वे हिंदी को राजभाषा बनाने के प्रबल समर्थक थे।
प्राचार्य ने आगे बताया कि डॉ लोहिया ने अपना संपूर्ण जीवन लोकतंत्र एवं समाजवाद के माध्यम से देश के पिछड़े एवं कमजोर वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया।
डॉ लोहिया की विचारधारा से प्रेरित होकर कर्मवीर सत्यदेव सिंह ने अपने राजनीतिक गुरु के नाम पर इस ग्रामीण क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना की। आज यह संस्थान अध्यात्मपुरम से लेकर गाधिपुरम (सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस) तक शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
वर्तमान में महाविद्यालय में बीए, बीएससी, एमए, बीएड, डीएलएड तथा बीपीएड जैसे विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं।

