Ghazipur News : हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और स्वाभिमान की भाषा है : अमित रघुवंशी

गाजीपुर : हिंदी दिवस के अवसर पर सत्यदेव डिग्री कॉलेज, गाजीपुर में हिंदी भाषा के महत्व, वर्तमान समय में उसकी उपयोगिता एवं हिंदी के व्यापक प्रसार को लेकर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अमित रघुवंशी ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, संस्कार और भावनाओं को जोड़ने वाली भाषा है। आज आवश्यकता है कि हम हिंदी का प्रयोग केवल हिंदी दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि अपने दैनिक जीवन, शिक्षा और सामाजिक व्यवहार में भी हिंदी को सम्मानपूर्वक अपनाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल युग में हिंदी के लिए अपार संभावनाएं हैं तथा युवा पीढ़ी हिंदी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

इस अवसर पर डॉ. कृपाशंकर सिंह, डॉ. मनीष पाण्डेय, डॉ. आलोक कुशवाहा, कमलेश कुमार, सोनाली शर्मा एवं तनवीर आलम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने हिंदी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, उसके सामाजिक महत्व तथा वर्तमान समय में हिंदी के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा ज्योति मौर्या ने “मोबाइल मददगार है” शीर्षक से अपनी कविता प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। कविता के माध्यम से उन्होंने मोबाइल तकनीक के सकारात्मक उपयोग और आधुनिक जीवन में उसकी उपयोगिता को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन शैलेश आनंद ने किया। उन्होंने हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के प्रति सम्मान एवं प्रेम बनाए रखने तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का वातावरण हिंदी प्रेम और उत्साह से सराबोर रहा।

Previous Post Next Post

फास्टर अप्डेट्स के लिए जुड़िये हमारे टेलीग्राम चैनल से - यहाँ क्लिक करिये