रसड़ा : रसड़ा रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, बंद ट्रेन सेवा की पुनर्बहाली तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने रेल मंत्री को पत्र भेजा है।
पत्र में कहा गया है कि रसड़ा रेलवे स्टेशन रसड़ा तहसील, कासिमाबाद क्षेत्र समेत आसपास के करीब 160 गांवों के लाखों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल केंद्र है। पर्याप्त ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए मऊ अथवा बलिया जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च उठाना पड़ता है।
विश्वजीत जायसवाल ने रेल मंत्री से 15716/15715 गरीब नवाज एक्सप्रेस, 13510/13509 गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस, 19053/19054 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस तथा 12527/12528 छपरा/पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस का रसड़ा रेलवे स्टेशन पर कम से कम दो मिनट का ठहराव दिए जाने की मांग की है।
इसके साथ ही 55017/55018 मऊ-छपरा-मऊ ट्रेन की पुनर्बहाली तथा स्टेशन पर पेयजल, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता, यात्री सूचना प्रणाली और कोच पोजीशन डिस्प्ले जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की मांग भी उठाई गई है। पत्र में दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्री व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने से रसड़ा और आसपास के गांवों के लाखों यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। पत्र की प्रतिलिपि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक तथा वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को भी भेजी गई है।
