रसड़ा (बलिया) : रसड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को वर्षों से हो रही मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री आशीष जैन से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी कई बार रेलवे प्रशासन, स्थानीय सांसद एवं जनप्रतिनिधियों को आवेदन एवं ज्ञापन भेजे जा चुके हैं, लेकिन आज तक किसी भी स्तर पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने कहा कि गरीब नवाज एक्सप्रेस (किशनगंज–अजमेर) इस क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण ट्रेन है। यदि इस ट्रेन का रसड़ा रेलवे स्टेशन पर नियमानुसार ठहराव सुनिश्चित कर दिया जाए तो पूर्वांचल के हजारों यात्रियों, विशेषकर रोजगार, व्यापार एवं धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग अजमेर शरीफ जाने के लिए इसी ट्रेन पर निर्भर रहते हैं, इसलिए इस ट्रेन का रसड़ा में ठहराव जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1, जहां सबसे अधिक यात्रियों का आवागमन होता है, वहां बैठने के लिए पर्याप्त बेंच एवं सीटों का अभाव है। टिकट खिड़की के आसपास यात्रियों को घंटों खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। साथ ही स्टेशन परिसर में प्रकाश व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है, जिससे रात्रि के समय यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर स्वच्छ पेयजल एवं आधुनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था कराने की भी मांग की गई। साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर बने पुराने एवं जर्जर शौचालय के नवीनीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
विश्वजीत जायसवाल ने कहा कि वर्तमान में डाउन लाइन की अधिकांश ट्रेनें प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर रुकती हैं, जबकि स्टेशन की मुख्य सुविधाएं प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उपलब्ध हैं। ऐसे में वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा गंभीर रूप से बीमार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए उनके लिए विशेष व्यवस्था की जाए अथवा आवश्यकता पड़ने पर डाउन लाइन की ट्रेनों का ठहराव प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सुनिश्चित किया जाए।
डीआरएम आशीष जैन ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तथा कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर नियमानुसार सकारात्मक पहल की जाएगी।
अंत में सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल रसड़ा रेलवे स्टेशन ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेलवे सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी निर्णय करेगा, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और रसड़ा रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार होगा।
"जनहित सर्वोपरि — यात्रियों की सुविधा ही हमारी प्राथमिकता।"
