डॉ. राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज, अध्यात्मपुरम ढोटारी, गाजीपुर में बी.एड./डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए स्काउट-गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजेन्द्र कुमार सिंह द्वारा स्काउट-गाइड ध्वजारोहण के साथ किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विजेन्द्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड भारत में एक महत्वपूर्ण युवा विकास संगठन है, जिसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक, नेतृत्व एवं सामाजिक रूप से विकसित करना है, ताकि वे चरित्रवान एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने बताया कि स्काउट-गाइड अनुशासित, विश्वसनीय, मितव्ययी तथा सबका मित्र होता है और मन, वचन एवं कर्म से शुद्ध रहने का प्रयास करता है।
कार्यक्रम के प्रशिक्षक अखिलेश यादव ने बताया कि यह प्रशिक्षण पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रशिक्षुओं को कैंपिंग, हाइकिंग, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा एवं सामुदायिक सेवा से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार सिंह, राजेश सिंह तथा अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

