Ghazipur News : श्रमिकों के हाथों में जगत नियंता भगवान विश्वकर्मा का चमत्कार होता है: डॉक्टर प्रीति सिंह

 


 सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल गाजीपुर में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो श्रमिकों के परिश्रम, समर्पण और योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक अनूठा संदेश दे रहा था।

कार्यक्रम की शुरुआत मॉर्निंग असेंबली से हुई, जो पूरे वातावरण को शांत एवं प्रेरणादायक बना दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा एक मधुर समूह गीत प्रस्तुत किया गया, जिसमें श्रम की महत्ता और एकता का संदेश दिया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक सुंदर नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें श्रमिकों के जीवन, उनके संघर्ष और उनकी मेहनत को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इस प्रस्तुति ने सभी दर्शकों को भावुक कर दिया। तत्पश्चात सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंधक डॉक्टर प्रीति सिंह तथा प्रधानाचार्य चंद्रसेन तिवारी ने सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारी गण के ऊपर पुष्प वर्षा करके उनका सम्मान पूर्वक तिलक लगाकर उनको अंग वस्त्रम तथा आकर्षक उपहार भेंट किए।


कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रबंधक महोदया डॉ प्रीति सिंह ने अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “श्रम ही सफलता की असली कुंजी है। हर छोटा-बड़ा कार्य समान रूप से महत्वपूर्ण है। हमें हर उस व्यक्ति का सम्मान करना चाहिए, जो अपने परिश्रम से समाज को आगे बढ़ाने में योगदान देता है। श्रमिक हमारे समाज की रीढ़ हैं उनके हाथों में जगत नियंता भगवान विश्वकर्मा का चमत्कार होता है”


इसके बाद विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति आभार प्रकट किया। उनके सरल एवं सच्चे शब्दों ने सभी के मन को छू लिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य महोदय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने “मेहनतकश इंसान” विषय पर अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा,

“मेहनतकश इंसान वह है, जो अपने पसीने से सपनों को साकार करता है। उसका हर प्रयास समाज की मजबूती की नींव रखता है।”

इसके साथ ही उन्होंने अपनी स्वयं रचित कविता की पंक्तियाँ प्रस्तुत कीं—

“मैं कर्म का पुजारी हूं एहसान नहीं कमाता 

धरती मां सिर्फ साक्षी हैं हां कभी पहचान नहीं कमाता 

मेरे कंधों पर बैठकर कोई चांद चूम लेता है 

मैं तपती गर्मी में भी कोई आराम नहीं कमाता"

इस प्रेरणादायक प्रस्तुति ने सभी कर्मचारी गण को गदगद कर दिया। अलका राय तथा चंदन तिवारी के द्वारा प्रभावशाली संचालन का कार्य किया गया। इसी क्रम में विद्यालय में हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें तीन अलग-अलग श्रेणियों के लिए तीन विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी श्रेणी के अनुसार बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।

यह आयोजन न केवल श्रमिकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि विद्यार्थियों में श्रम के प्रति आदर, संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को भी सुदृढ़ किया। इस उत्कृष्ट कार्यक्रम के अवसर पर दिग्विजय उपाध्याय अमित रघुवंशी आवेश कुमार अमित कुमार सिंह अवनीश राय प्रतिमा सिंह अभिमन्यु यादव विनय राम जी वीरेंद्र विक्रम समेत सभी कर्मचारी गण उपस्थित थे।

Previous Post Next Post

फास्टर अप्डेट्स के लिए जुड़िये हमारे टेलीग्राम चैनल से - यहाँ क्लिक करिये