गाजीपुर : आगामी त्योहार ईद को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में साफ कर दिया गया कि किसी भी सूरत में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में त्योहारों को लेकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं और आपसी संवाद के जरिए समाधान पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट अपील की कि सभी लोग सरकार की गाइडलाइंस का पालन करें और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए त्योहार मनाएं।
प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें, संवेदनशील गांवों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखें और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, सीआरओ आयुष चौधरी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, शांति समिति के पदाधिकारी और विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
