गाज़ीपुर : डॉ. राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज, अध्यात्मपुरम ढोटारी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने प्रभात फेरी, स्वच्छता जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण, सर्वेक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने जैसे अनेक सामाजिक कार्य किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं एनएसएस के लक्ष्य गीत के साथ हुआ। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी ने सात दिनों में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया और एनएसएस की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर छात्राओं ने “घरेलू हिंसा के प्रति जागरूकता” विषय पर एकांकी प्रस्तुत की, जो अत्यंत प्रेरणादायक रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के मुख्य प्रबंध निदेशक प्रोफेसर आनंद सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति, भूगोल और इतिहास ही देश को आगे बढ़ाने की शक्ति देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा ही राष्ट्र सेवा है, जिसे हम कहीं से भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि घर में माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा करना, बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना, पौधे लगाना तथा राष्ट्र के नियमों का पालन करना भी राष्ट्र सेवा के ही रूप हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी, शिक्षक, किसान और मजदूर सभी अपने-अपने कार्य को निष्ठा से करके राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा से अहंकार का पतन होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा—
"टीले शिकायत करते हैं बादलों से कि तूने हमें कुछ नहीं दिया। बादल कहते हैं हमने तो जल दिया, पर तूने लिया ही नहीं, तनकर खड़े रहे।"
उन्होंने यह भी कहा कि यह ब्रह्मांड देने के लिए तैयार है, आवश्यकता है कि हम स्वयं को ग्रहण करने योग्य बनाएं। उन्होंने कवि माखनलाल चतुर्वेदी की रचना “पुष्प की अभिलाषा” का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में बरेसर के थानाध्यक्ष ने छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए 1090, 112, 108, 1930 और 1076 जैसे हेल्पलाइन नंबरों तथा सीएम पोर्टल एवं साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी दी।
सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार रमेश चौहान ने कहा कि केवल सीखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे अपने जीवन में उतारना भी आवश्यक है। वहीं बाराचवर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार ने छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित एक महान युवा आंदोलन है। उन्होंने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. विजेंद्र कुमार सिंह एवं निदेशक प्रमोद सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। सहभोज एवं अभिनंदन कार्यक्रम के साथ शिविर का समापन हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री गांधी इंटर कॉलेज के प्रबंधक रविंद्र सिंह ने की।
इस अवसर पर सतेंद्र सिंह, गोवर्धन पासवान, विश्वकर्मा प्रसाद, कमलेश यादव, राजेश सिंह, सुरेश प्रसाद, जंगली प्रसाद पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






