Ghazipur News : गौ-तस्करों से पुलिस की सीधी मुठभेड़, शातिर बदमाश गोली लगने से धराया, 15 गोवंश व तमंचा बरामद

 


गाजीपुर : अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना करण्डा पुलिस ने बेखौफ कार्रवाई करते हुए शातिर गौ-तस्कर को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तत्परता से गोवंश तस्करी की बड़ी वारदात नाकाम हो गई, जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के चोचकपुर पेट्रोल पम्प के पास मुखबिर खास से सूचना मिली कि मैनपुर बाजार की ओर गोवंशों से लदी पिकअप बोलेरो मैक्स जा रही है। सूचना पर थानाध्यक्ष करण्डा अशोक कुमार गुप्ता मय हमराह पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन का पीछा किया। खुद को घिरा देख बोलेरो में सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश को मौके पर काबू में लेकर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल सीएचसी करण्डा उपचार हेतु भेजा गया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रोहन यादव पुत्र मनीराम यादव निवासी ग्राम देवचन्दपुर, थाना रामपुर मांझा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध गौ-तस्करी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति उजागर होती है।

मौके से पुलिस ने एक अदद अवैध तमंचा 0.315 बोर, एक अदद खोखा कारतूस, एक अदद जिंदा कारतूस 0.315 बोर, एक एंड्रॉयड मोबाइल, पिकअप बोलेरो मैक्स वाहन संख्या UP67BT0161 तथा कुल 15 राशि गोवंश बरामद किए। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्त की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

गौ-तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ गाजीपुर पुलिस का अभियान जारी रहेगा। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Previous Post Next Post

फास्टर अप्डेट्स के लिए जुड़िये हमारे टेलीग्राम चैनल से - यहाँ क्लिक करिये