
गाजीपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को सत्यदेव डिग्री कॉलेज, गाजीपुर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की प्रबंधक श्रीमती सावित्री सिंह एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी तथा एनसीसी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों, सादगी, सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को स्मरण किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत एनसीसी के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय परिवार ने गांधी जी के स्वच्छता एवं अहिंसा के संदेश तथा शास्त्री जी के सादगी, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाजहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

