गाजीपुर : ब्रिटानिका एजुकेशन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यंग ऑथर प्रतियोगिता 2025 के तहत क्षेत्र के डालिम्स सनबीम स्कूल गांधीनगर की छात्रा सोनाक्षी सिंह का चयन होने से विद्यालय परिवार सहित घर में खुशी का माहौल है।
यूनाइटेड किंगडम बेस्ड ब्रिटानिका एजुकेशन द्वारा देश के विभिन्न विद्यालयों में राष्ट्रीय स्तर पर देश के विभिन्न विद्यालयों में अलग-अलग विषय पर प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था।
इस प्रतियोगिता में भाग लेते हुए डालिम्स सनबीम विद्यालय गांधीनगर की कक्षा 6 की छात्रा सोनाक्षी सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 24 छात्र-छात्राओं में अपना जगह बनाया है। इस बारे में जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक हर्ष राय ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के नामी-गिरामी विद्यालय के बच्चों ने भाग लिया। सोनाक्षी द्वारा सुदूर ग्रामीण अंचल की इस विद्यालय से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता के दौरान सोनाक्षी का टॉपिक कोरल लीफ रहा जिस पर सोनाक्षी ने सटीक उत्तर देकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुए 24 बच्चों को प्रतियोगिता कराने वाले संस्थान द्वारा आगामी 13 दिसंबर को देश की प्रथम महिला आईपीएस अधिकारी रहीं किरण बेदी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
