
सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, सागापाली, गाज़ीपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वतंत्र भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय तिरंगा ध्वज फहराकर किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती सुमन सिंह जी एवं प्रधानाचार्य श्री ए. एन. उपाध्याय जी ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर महात्मा गांधी जी के विचारों को स्मरण करते हुए विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती सुमन सिंह जी ने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करके हम अपने जीवन को अधिक सार्थक और बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने हमें सत्य, अहिंसा, दया, करुणा और मानवता जैसे महान मूल्यों का मार्ग दिखाया, जिनका अनुसरण आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर सकता है।
श्रीमती सुमन सिंह जी ने इस अवसर पर श्री लाल बहादुर शास्त्री जी को भी श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि उनका प्रसिद्ध नारा “जय जवान, जय किसान” देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर जवानों तथा देश की खाद्य एवं कृषि व्यवस्था की आधारशिला किसानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं प्रधानाचार्य श्री ए. एन. उपाध्याय जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने जीवनभर शोषित एवं वंचित वर्ग के अधिकारों, ग्राम विकास, स्वच्छता तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए निरंतर संघर्ष किया। स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को राष्ट्र सदैव स्मरण करता रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, अनुशासन, सादगी और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, सागापाली, गाज़ीपुर

