एएसपी सिटी डाॅ राकेश मिश्रा ने किया आरोपियों को हिरासत में लेने की पुष्टि
गाजीपुर : करंडा थाना क्षेत्र के चांडीपुर गांव में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज गोलीकांड की घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी समेत कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इन सभी से कड़ी पूछताछ कर रही है। इसकी पुष्टि एएसपी सिटी डाॅ. राकेश मिश्रा ने की है।
बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह करीब 55 वर्षीय आस मुहम्मद को बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे होली के दिन हुआ पुराना विवाद वजह हो सकता है। उस समय पुलिस ने मामले में शांति भंग की कार्रवाई भी की थी, लेकिन विवाद की चिंगारी आखिरकार खूनी रूप ले बैठी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर स्थानीय गांव निवासी पिंकल पांडेय, करिया राय, गोरे राय, अंग्रेज राय, ग्राम प्रधान मंटू राय सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर ताबड़तोड़ दबिश शुरू कर दी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है। वहीं गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
वर्जन -
करंडा थाना क्षेत्र के चाड़ीपुर गांव निवासी आस मुहम्मद नामक व्यक्ति की उनके गांव के ही अमन उर्फ पिंकल नामक व्यक्ति के द्वारा गोली मार दी गई थी। इस प्रकरण में परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कुछ नामजद लोगों के खिलाफ करंडा थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है और वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। प्रकरण में पुलिस तत्परता पूर्वक कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत कई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है - डॉ राकेश मिश्रा, एएसपी सिटी
