बरेसर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव में रविवार देर रात एक झोपड़ी में आग लग गई। इस घटना में झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई और उसमें बंधे 26 सूअर भी जिंदा जल गए। आग से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
झोपड़ी मालिक संतोष कुमार पुत्र मवल राम ने बताया कि वह अपने घर से करीब पांच सौ मीटर दूर इस झोपड़ी में सूअर पालन करते थे। रविवार रात उनकी बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली, जिसके बाद वह घर चले गए थे।
रात करीब 12 बजे उन्हें झोपड़ी में आग लगने की खबर मिली। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था। आग इतनी भीषण थी कि झोपड़ी के साथ-साथ उसमें बंधे सभी 26 सूअर भी जलकर मर गए। आग लगने का कारण अभी अज्ञात है।
क्षेत्रीय लेखपाल रामजीत यादव ने घटना स्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि जले हुए सामान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित को हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
बरेसर थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि संतोष कुमार ने इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
