Ghazipur News : दिलदारनगर स्टेशन पर 11401 DN से 15 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

 


गाजीपुर : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट दिलदारनगर ने ऑपरेशन सतर्क के तहत अवैध शराब तस्करी पर करारा प्रहार किया है। ट्रेन संख्या 11401 DN की सघन चेकिंग के दौरान कोच संख्या B2 के शौचालय से 15 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13,000 रूपए आंकी गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक 6 जनवरी को मुखबिर खास के माध्यम से सूचना मिली थी कि उक्त ट्रेन के माध्यम से भारी मात्रा में शराब बिहार ले जाई जा रही है। ट्रेन का दिलदारनगर स्टेशन पर नियमित ठहराव न होने के कारण सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से विशेष ठहराव लिया गया। इसके क्रम में 7 जनवरी को रात्रि में प्लेटफार्म संख्या 1 पर ट्रेन के पहुंचते ही RPF दिलदारनगर के अधिकारी एवं जवानों ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान कोच B2 के शौचालय से अवैध अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। मौके पर किसी भी व्यक्ति ने शराब पर मालिकाना हक नहीं जताया, न ही कोई संदिग्ध व्यक्ति पाया गया। BNSS के प्रावधानों के तहत निरीक्षक प्रभारी दिलदारनगर द्वारा जप्ती सूची तैयार कर शराब को विधिवत कब्जे में लिया गया।

जब्त सामान ब्लैक बकार्डी रम (750 एमएल) – 10 बोतलें, प्रति बोतल 620 रूपए, आरएस अंग्रेजी शराब (750 एमएल) – 10 बोतलें, प्रति बोतल 680 रूपए, कुल मात्रा 15 लीटर, कुल अनुमानित मूल्य 13,000 रूपए है।

उल्लेखनीय है कि ट्रेन के माध्यम से शराब का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है तथा यह ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। समस्त विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी दिलदारनगर को सुपुर्द किया गया। समयाभाव के कारण ट्रेन से संपूर्ण शराब नहीं उतारी जा सकी, जिसकी सूचना तत्काल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर को दे दी गई।

Previous Post Next Post

फास्टर अप्डेट्स के लिए जुड़िये हमारे टेलीग्राम चैनल से - यहाँ क्लिक करिये