बलिया : रसड़ा क्षेत्र के भगतसिंह चौराहा स्थित भारतीय स्टेट बैंक में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस भारतवर्ष का राष्ट्रीय पर्व है इसे प्रतिवर्ष 26 जनवरी को मनाया जाता है। वक्ताओं द्वारा गणतंत्र दिवस के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
शाखा प्रबंधक शिवम शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। शाखा प्रबंधक शिवम शुक्ला ने कहा कि राज्य में संविधान, शासन संचालित करने की व्यवस्था एवं नियमावली है जिसके माध्यम से विधि का शासन स्थापित करते हुए नागरिक अधिकारों एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की जाती है। भारतीय गणराज्य में यह कार्य सरकार के तीनों अंगों विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका के द्वारा संचालित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि भारतीय गणतंत्र के संविधान में ही यह व्यवस्था है कि भारत का एक आम नागरिक भी भारत का सर्वोच्च पद राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के पद पर निर्वाचित हो सकता है। इस अवसर पर साथ में अमीभा कुमारी, संजीव सिंह, रवि भास्कर, शंकर राम, विक्की, प्रेम यादव, अमित सिंह शामिल रहे। अंत में शाखा प्रबंधक द्वारा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।