Ghazipur News : बिजली विभाग के जेई की अभद्र ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया में वायरल

 


ऑडियो क्लिप में जेई जाति विशेष के लोगों पर कर रहा अभद्र टिप्पणी

हंसराजपुर पावर हाउस पर तैनात जेई का बताया जा रहा वायरल ऑडियो

गुस्साये लोगों ने पावर हाउस पर किया धरना- प्रदर्शन, कार्रवाई की उठाई मांग

मामले की जांच में जुटे अधीक्षण अभियंता, मचा हड़कम्प, जेई पर गिर सकती है गाज

गाजीपुर। सरकारी नौकरी के रौब में आये विद्युत वितरण खण्ड प्रथम लाल दरवाजा के सब डिविजन जंगीपुर के उपकेंद्र हंसराजपुर के अवर अभियंता (जेई) अनिल कुमार ने मोबाइल पर वार्ता के दौरान क्षत्रिय और ब्राह्नमण समाज के लोगों के साथ ही अपने उच्चाधिकारी एसडीओ के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। यह मामला तब तूल पकड़ लिया जब जेई का मोबाइल ऑडियो क्लीप तेजी से सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल होने लगा। मामला संज्ञान में आते ही बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों के कान खड़े हो गये। आनन-फानन में अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार मामले की जांच करने के लिए जेई के कार्यस्थल पर पहुंच गये। 

पूरे मामले पर एक नजर

जेई अनिल कुमार विद्युत वितरण खण्ड प्रथम लाल दरवाजा के सब डिविजन जंगीपुर के उपकेंद्र हंसराजपुर में कार्यरत है। उन्होंने मोबाइल पर अपने किसी परिचित से वार्ता करने के दौरान क्षत्रिय व ब्राह्नमण समाज के लोगों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। यही नहीं जेई साहब ने अभद्रता की हद तो उस समय पार कर दी जब उन्होंने मोबाइल पर ही अपने उच्चाधिकारी एसडीओ के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जेई और उनके परिचित के बीच मोबाइल पर हुई वार्ता का ऑडियो क्लीप किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। 

मंडल के अधिकारियों तक पहुंच गया ऑडियो

क्षत्रिय व ब्राह्नमण समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने से सम्बंधित ऑडियो क्लीप इतनी तेजी से वायरल हुआ कि बिजली विभाग के मंडल अधिकारियों तक बात पहुंच गई। मामला संज्ञान में आते ही बिजली विभाग के उच्चाधिकारी एक्शन मोड में आ गये। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार आनन-फानन में हंसराजपुर उपकेन्द्र पर पहुंच गये और मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दिये। 

बौखलाये ग्रामीणों ने पावर हाउस पर किया प्रदर्शन

आडियो क्लीप वायरल होने के बाद हंसराजपुर क्षेत्र के लोग इस कदर बौखला गये कि उन्होंने पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन शुरु कर दिया। बौखलाये ग्रामीणों ने जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरना-प्रदर्शन की सूचना पर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच करारकर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। 

वर्जन

मैं प्रकरण की जांच के लिए जेई से मिलने पावर हाउस जा रहा हूं। मामला काफी गम्भीर है। विभागीय उच्चाधिकारी इस मामल को लेकर काफी गम्भीर हो गये है। मीडिया तक भी मामला पहुंच गया है। मैं इस मामले में कठोर कदम उठाऊंगा। जो भी कार्रवाई मेरे द्वारा की जायेगी उसके सम्बंध में मीडिया को पूरी जानकारी दी जायेगी। प्रवीण कुमार- अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल गाजीपुर

Previous Post Next Post

फास्टर अप्डेट्स के लिए जुड़िये हमारे टेलीग्राम चैनल से - यहाँ क्लिक करिये